- राफ्टिंग से रॉक क्लाइंबिंग तक, पांडवाज और अमित त्रिवेदी की धुनों संग टिहरी बनेगा एडवेंचर हब
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर।
टिहरी की वादियों में इस बार रोमांच, संस्कृति, अध्यात्म और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 6 से 9 मार्च के बीच आयोजित होने वाला Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल जिले को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान देने जा रहा है। पुराने टिहरी शहर को अपने आगोश में समाई टिहरी झील की सैर, गंगा की वेगवान लहरों पर राफ्टिंग, रहस्यमयी खैट पर्वत की ट्रैकिंग और देवप्रयाग के पौराणिक मंदिरों के दर्शन—एक ही आयोजन में यह सब अनुभव करने का सुनहरा अवसर पर्यटकों को मिलने वाला है।
टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों प्रस्तावित है। चार दिवसीय आयोजन का उद्देश्य टिहरी को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के अनुसार यह महोत्सव पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच साबित होगा।
एडवेंचर टूरिज्म का पावर पैक
फेस्टिवल के दौरान जिले के विभिन्न केंद्रों पर साहसिक गतिविधियों की भरमार रहेगी। ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसे रोमांचक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय संस्कृति को भी विशेष स्थान दिया गया है। प्रतापनगर ब्लॉक में 7 मार्च को माजफ–पीडी ट्रैक और 8 मार्च को थात–खैट पर्वत ट्रैक आयोजित होंगे। घनसाली में बासल ताल ट्रैक रोमांच प्रेमियों को आकर्षित करेगा।
नरेंद्रनगर ब्लॉक में 8 मार्च को ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग का आयोजन होगा, जबकि धनोल्टी क्षेत्र में सुआखोली से देवलसारी तक एमटीबी राइड एडवेंचर का नया अनुभव देगी।
संस्कृति, प्रतियोगिताएं और लाखों के इनाम
कोटी कॉलोनी में 6 मार्च को प्रतियोगिताओं का शुभारंभ होगा। यहां फूड फेस्टिवल, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, मिस्टर एंड मिस टिहरी, ग्रुप फैशन शो, सोशल मीडिया रील, पेंटिंग और फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। रैप सिंगिंग और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे, प्रथम स्थान पर एक लाख रुपये तक, द्वितीय स्थान पर 50 हजार और तृतीय स्थान पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार। इसके अलावा दस प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
संगीत और लोकगाथाओं की रंगत
कोटी कॉलोनी में 6 मार्च को प्रसिद्ध पांडवाज बैंड अपनी प्रस्तुति से समां बांधेगा, जबकि 7 मार्च को मशहूर संगीतकार अमित त्रिवेदी की लाइव परफॉर्मेंस महोत्सव को खास बनाएगी। साथ ही वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवनगाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दर्शकों को ऐतिहासिक गौरव से रूबरू कराएगी।
अध्यात्म और आस्था का अनुभव
प्रतिभागियों को रघुनाथ मंदिर, देवप्रयाग में दर्शन, गंगा संगम तट पर आरती और योगाभ्यास का भी अवसर मिलेगा। साथ ही देवप्रयाग स्थित ऐतिहासिक वेदशाला का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे पर्यटन के साथ आध्यात्मिक अनुभव का संगम साकार होगा।
टिहरी लेक फेस्टिवल न केवल रोमांच प्रेमियों के लिए स्वर्ग साबित होगा, बल्कि संस्कृति, अध्यात्म और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए भी यह एक भव्य मंच बनेगा। 6 से 9 मार्च के बीच टिहरी की वादियां उत्सव, ऊर्जा और उमंग से सराबोर रहने वाली हैं।
