The fifth cultural evening of the Kunjapuri Tourism and Development Fair featured Pandavaas Band performances, celebrating Uttarakhand’s folk culture, tourism and local business.
- पांडवाज बैंड के गीतों पर देर रात तक झूमे हजारों दर्शक
- कुंजापुरी मेले की गोल्डन जुबली में लोक संस्कृति का रंग
- कारोबार भी चमका
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की गोल्डन जुबली के अवसर पर आयोजित पांचवीं सांस्कृतिक संध्या लोक संस्कृति, संगीत और उत्साह के नाम रही। उत्तराखंड के लोकप्रिय पांडवाज बैंड की शानदार प्रस्तुतियों ने हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक लोक धुनों और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम पर युवा देर रात तक झूमते रहे। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि कुंजापुरी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की व्यापारिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। गोल्डन जुबली के अवसर पर मेले को भव्य स्वरूप देने का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देना है। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपराओं को नई पहचान मिल रही है।
लोक धुनों और आधुनिक संगीत का संगम
पांडवाज बैंड के संगीत निर्देशक ईशांत डोभाल के नेतृत्व में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। पारंपरिक ढोल-दमाऊ की थाप के साथ गिटार और ड्रम्स की धुनों ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया। बैंड ने ‘राधा’, ‘म्योलड़ि’, ‘तिलगा’, ‘धाना’, ‘साम्ळौ’, ‘दारी अगास’, ‘जीतू बगड़वाल’ और लोकप्रिय गीत ‘धुंयाल’ की प्रस्तुतियां दीं। मुख्य गायिका अनन्या डोभाल और गायक दीपक रावत ने भी अपनी आवाज से दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के समापन पर मेला समिति और मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने पांडवाज बैंड की टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने में बैंड के योगदान की सराहना की।
भीड़ से बाजारों में बढ़ी रौनक
मेले में उमड़ रही भारी भीड़ से स्थानीय कारोबारियों में भी उत्साह है। स्थानीय व्यापारी सुरेंद्र पुंडीर सहित नरपाल सिंह भंडारी, यशपाल सिंह राणा, वीर विक्रम सिंह रावत और धूम सिंह नेगी ने कहा कि मेले के भव्य आयोजन से बाजार देर रात तक गुलजार रह रहे हैं। इससे छोटे-बड़े दुकानदारों, होटल कारोबारियों और स्टॉल संचालकों को लाभ मिल रहा है। व्यापारियों ने आयोजन को बेहतर स्वरूप देने के लिए मेला समिति, पुलिस प्रशासन और कैबिनेट मंत्री के प्रयासों की सराहना की।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
हजारों दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन व मेला समिति के बीच समन्वय के चलते देर रात तक चला कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दर्शकों को किसी बड़ी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि विनोद गंगोटी, नगर पालिका सभासद साकेत बिजल्वाण, विनीता, आभा पंवार, रवि नेगी, ममता, सचिन भंडारी, आशा, द्वारिका प्रसाद जोशी, महेश गुसाईं, भगवान सिंह राणा, सूर्य प्रकाश जोशी और संतोष राणा सहित हजारों स्थानीय लोग मौजूद रहे।
