- चुनाव नहीं, समाधान प्राथमिकता: आराकोट–गुनोगी में बोले पूर्व मंत्री दिनेश धनाई
वाचस्पति रयाल @ नरेन्द्र नगर।
विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत आराकोट एवं गुनोगी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई का क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं और गर्मजोशी भरे नारों के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और राजनीतिक हलचल देखने को मिली।
पिछले कुछ हफ्तों से लगातार क्षेत्र भ्रमण करते हुए जनसंवाद कार्यक्रमों में भाग ले रहे पूर्व मंत्री दिनेश धनाई इन दिनों जनचर्चा का केंद्र बने हुए हैं। बुधवार को उन्होंने चंबा प्रखंड अंतर्गत पट्टी बमुण्ड की ग्राम पंचायत आराकोट एवं गुनोगी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
जनता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनभावनाओं और जनआवश्यकताओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि मां सुरकंडा देवी पेयजल योजना एवं रोपवे परियोजना को जनता की प्रबल मांग पर स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारने का कार्य किया गया, जिससे आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां सुरकंडा देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और क्षेत्रीय पर्यटन को भी नया आयाम मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि सौड़–काणाताल क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु पर्यटन आधारित होमस्टे योजना को स्वीकृत कराकर सैकड़ों बेरोजगार युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जोड़ा गया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि गुनोगी–बमुण्ड सहित पूरे क्षेत्र में दर्जनों सड़कों की स्वीकृति उनके प्रयासों से हुई, जिन पर वर्तमान में कटिंग एवं निर्माण कार्य जारी है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा—
चुनाव के समय क्षेत्र में नेताओं की बाढ़ सी आ जाती है, लेकिन मेरा उद्देश्य केवल चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि जनसमस्याओं को समझना, उनका समाधान करना और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे तथा क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख चंबा संजय मैठाणी, पूर्व प्रधान देव सिंह पुण्डीर, व्यापार मंडल अध्यक्ष चंबा बलबीर पुण्डीर, अध्यक्ष सैनिक कल्याण संगठन संजय रावत, कृष्णा मंमगाई, प्रधान आराकोट रामेश्वरी देवी, प्रधान सिलकोटी बीनीत पुण्डीर, अध्यक्ष युवक मंगल दल सुमित रावत, पूर्व प्रधान रतन सिंह रावत, अध्यक्ष महिला मंगल दल विनीता रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य बालेन्दु उनियाल, प्रधान गुनोगी सरोजनी देवी, पूर्व प्रधान खिमांन्द कोठारी, पूर्व प्रधान सोम प्रकाश, पूर्व प्रधान राधाकृष्ण कोठारी, अध्यक्ष युवक मंगल दल सोमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।
