Congress Strengthens Social Media Strategy Ahead of 2027 Uttarakhand Assembly Elections
- उत्तराखंड में संदीप गुप्ता और अक्षत सिंह संभालेंगे कांग्रेस का सोशल मीडिया मोर्चा
देहरादून@ Rashtriya Vichar। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया के मोर्चे पर तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने चुनावी गतिविधियों के समन्वय के लिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की है। टीम को संबंधित राज्यों में सोशल मीडिया रणनीति तैयार करने, चुनावी गतिविधियों के प्रभावी समन्वय और संगठन के साथ बेहतर तालमेल की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तराखंड में कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में संदीप गुप्ता और अक्षत सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों पदाधिकारी प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों के संचालन और समन्वय का काम देखेंगे। पार्टी का फोकस सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने और चुनावी मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने पर रहेगा।
वहीं पंजाब में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमरजीत सिंह को National Coordinator (Current In-charge, Punjab) के रूप में दोबारा जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ मध्य प्रदेश के अभय तिवारी को भी पंजाब की सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय का दायित्व सौंपा गया है।
कांग्रेस ने उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में भी राष्ट्रीय पदाधिकारियों को चुनावी सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी दी है। पार्टी के इस कदम को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले डिजिटल संगठन को मजबूत करने और सोशल मीडिया रणनीति को धार देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
