Uttarakhand Board Improvement Exam Result 2026 Released, Check High School & Intermediate Pass Percentage
- 22 से 29 जुलाई को प्रदेशभर के 97 केंद्रो पर आयोजित हुई थी परीक्षा
- हाईस्कूल में 8472 और इंटर के 11078 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीकरण
- अंक सुधार में लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर
नीरज सती@ रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाफल सुधार परीक्षा वर्ष 2026 (प्रथम) और 2025 (तृतीय) का परिणाम बुधवार को जारी कर दिया। परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल और सभापति विनोद प्रसाद सिमल्टी ने संयुक्त रूप से रिजल्ट घोषित किया।
सुधार परीक्षा 22 से 29 जुलाई 2026 तक प्रदेश के 97 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक रहा। हाईस्कूल में 8472 और इंटरमीडिएट में 11078 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।
हाईस्कूल में 83.13 फीसदी विद्यार्थी सफल
हाईस्कूल 2026 (प्रथम) में 8421 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 7939 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 7000 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। कुल पास प्रतिशत 83.13 फीसदी रहा। छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। छात्राओं का पास प्रतिशत 84.34 फीसदी, जबकि छात्रों का 82.61 फीसदी रहा।
मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण 5747 विद्यार्थियों में से 5469 ने सुधार परीक्षा दी, जिनमें 4326 विद्यार्थी पास हुए। इनका पास प्रतिशत 75.27 फीसदी रहा। जिलेवार प्रदर्शन में चमोली 86.62 फीसदी के साथ सबसे आगे रहा, जबकि ऊधमसिंह नगर 62.03 फीसदी के साथ सबसे पीछे रहा।
अंक सुधार के लिए परीक्षा देने वाले पहले से उत्तीर्ण विद्यार्थियों में 37.25 फीसदी के अंकों में सुधार हुआ।
इंटर में 73.35 फीसदी विद्यार्थी पास
इंटरमीडिएट 2026 (प्रथम) में 11032 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 10518 परीक्षा में शामिल हुए। 8092 विद्यार्थी पास हुए और कुल पास प्रतिशत 73.35 फीसदी रहा। छात्राओं का पास प्रतिशत 76.07 फीसदी, जबकि छात्रों का 71.20 फीसदी रहा।
मुख्य परीक्षा में फेल 9653 विद्यार्थियों में से 9343 परीक्षा में शामिल हुए और 6713 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनका पास प्रतिशत 69.54 फीसदी रहा। जिलेवार परिणाम में रुद्रप्रयाग 82.24 फीसदी के साथ अव्वल रहा, जबकि हरिद्वार 63.64 फीसदी के साथ सबसे कम रहा।
अंक सुधार के लिए परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों में 29.73 फीसदी के अंकों में सुधार हुआ।
2025 की तृतीय सुधार परीक्षा का परिणाम
वर्ष 2025 (तृतीय) सुधार परीक्षा में हाईस्कूल के 51 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 44 परीक्षा में शामिल हुए और 34 विद्यार्थी पास हुए। इनका पास प्रतिशत 66.67 फीसदी रहा। इंटरमीडिएट में 46 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 43 ने परीक्षा दी और 27 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनका पास प्रतिशत 58.70 फीसदी रहा।
परिषद ने परीक्षा के सफल आयोजन और परिणाम तैयार करने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।
