- स्कूटी में खरोंच लगने से गुस्साए सिरफिरे ने घटना को दिया अंजाम
- दो महिलाओं पर भी किया जानलेवा हमला
- पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर मुख्य आरोपी किया गिरफ्तार
- मृतक अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था
रानीखेत@RashtriyVichar। तहसील रानीखेत के मजखाली स्थित ऐना गाँव में बीते शुक्रवार की देर सायं एक 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान चीख पुकार मचने पर बीच-बचाव करने आई घर की दो महिलाए भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बुआ जानकी देवी के घर में आया था और सेना में भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था।
इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और हड़कंप का माहौल है। मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू करने के साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी जगत सिंह बोरा को मझखाली जनाड़ू होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का घन व चाकू भी बरामद कर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह दो माह पहले एक शादी समारोह में स्कूटी पर खरोंच आने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने युवक की हत्या की साजिश रच ली थी
पुलिस के अनुसार चौकी मजखाली से ऐना गांव में एक व्यक्ति की हत्या होने तथा दो महिलाएँ घायल होने की मिली सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके द्वारा घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए स्वयं व अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के साथ मौके पर पहुचकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने हेतु फॉरेंसिक टीम को तत्काल मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित कराए गए।
मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा पुत्र वीरेन्द्र सिंह बोरा निवासी ग्राम ऐना द्वारा कोतवाली रानीखेत में तहरीर दी गई कि शुक्रवार की रात्रि में जगत सिंह बोरा ने उसके मामा के लड़के सागर सिंह के गले पर चाकू के वारकर हत्या कर दी है तथा उसकी माता जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर जान से मारने की नियत से हथौड़े एवं धारदार हथियार से सिर एवं शरीर पर प्राणघातक हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों का वर्तमान में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जाच शुरू कर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के शीघ्र अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा को एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर मझखाली जनाड़ू होटल के पास से गिरफ्तार करने के साथ अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का घन व चाकू भी बरामद किया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि लगभग दो माह पूर्व एक शादी समारोह के दौरान हुई कहासुनी को लेकर मेरे दोस्त एवं मृतक व उसके भाई से विवाद हुआ था। उसी घटना से उत्पन्न आपसी रंजिश के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी, कास्टे. कमल गोस्वामी, कास्टे. वरूण राज टम्टा व होम गार्ड आनन्द सिंह शामिल रहे।
