Fake HNB Garhwal University Marksheet Used to Secure Jobs, Accused Arrested from Bijnor
- एचएनबी विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्री का खेल बेनकाब
- बैंक में नौकरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जय सिंह चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिकाएं, उपाधियां, विश्वविद्यालय का लोगो, मोहर और हस्ताक्षर तैयार कर उन्हें असली दस्तावेजों की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे विश्वविद्यालय की साख प्रभावित हो रही थी। शिकायत के आधार पर श्रीनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी कासिफ कलिम (35), निवासी सैय्यदपुरा, थाना नगीना, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी मार्कशीट भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह देहरादून के एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई के दौरान परीक्षा में असफल हो गया था। इसके बाद नौकरी पाने के लिए उसने फर्जी मार्कशीट तैयार करवाई और उसी के आधार पर बैंक समेत अन्य संस्थानों में रोजगार हासिल किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने वाले अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश जारी है।
