Despite heavy rain, the Congress Parivartan Sankalp Sammelan in Munsyari drew a large crowd as Ganesh Godiyal attacked the Uttarakhand government over corruption, unemployment, and paper leaks, while promising jobs and political change.
- भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा पर सरकार को घेरा
- सत्ता में आने पर रोजगार की गारंटी का दावा
नदीम परवेज@ धारचूला/मुनस्यारी । मूसलाधार बारिश के बावजूद मुनस्यारी में आयोजित कांग्रेस के ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारतीय स्टेट बैंक शाखा से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव और विधायक हरीश धामी के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली गई, जो बस स्टेशन पहुंचने के बाद जनसभा में तब्दील हो गई।

भ्रष्टाचार पर तीखा हमला: सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, केदारनाथ धाम और राम मंदिर में चोरी जैसी घटनाओं को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से निराश हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। गोदियाल ने विधायक हरीश धामी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी पहल से क्षेत्र को ओबीसी आरक्षण मिला, जिससे हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार की गारंटी दी जाएगी और व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन किया जाएगा।

कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था: प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव ने कांग्रेस के इतिहास और बलिदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा लोकतंत्र और देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। वहीं विधायक हरीश धामी ने धारचूला विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर 150 करोड़ रुपये के खड़ंजा निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास इससे जुड़े प्रमाण मौजूद हैं।
दर्जनों लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन: सम्मेलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नेताओं ने इसे क्षेत्र में कांग्रेस के बढ़ते जनाधार और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले परिवर्तन की मजबूत शुरुआत बताया। सम्मेलन में भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
सम्मेलन में जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, चंपावत के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, आनंद रावत, शशि थापा, भूपेंद्र थापा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. कविता महर, जगत महर, दान सिंह बगरी, यूथ जिलाध्यक्ष विक्रम दानू, गिरीश चुफाल, खुशाल हरकोटिया, बिना आर्या, चंद्र गोस्वामी, हरी राम, खत्री सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
