Dwarahat MLA Madan Bisht Questions Multipurpose Camps, Alleges Corruption and Bias in Government Functioning
- जल जीवन मिशन में अनियमितताओं का आरोप
- कई योजनाओं में काम शुरू तक नहीं हुआ
- बयान तोड़-मरोड़ कर किए जा रहे वाइरल
अल्मोड़ा@Rashtriy Vichar। द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट ने प्रदेश में संचालित बहुउद्देशीय शिविरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें औचित्यहीन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और डबल इंजन सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में विफल रही है।
गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक बिष्ट ने कहा कि हाल ही में द्वाराहाट ब्लॉक में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान दिए गए उनके कथित विवादित बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज एआई के दौर में किसी भी बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष के हाथ में माइक होना अनुचित था, जबकि यह जिम्मेदारी किसी प्रशासनिक अधिकारी की होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ वरिष्ठ अधिकारी निष्पक्षता से काम करने के बजाय सत्तारूढ़ दल के पक्ष में कार्य कर रहे हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री स्तर पर विधायकों से मांगी गई विकास कार्यों की सूची की अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया। पत्रकार वार्ता में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज और नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी भी उपस्थित रहे।
27 में 13 योजनाओं में काम नही हुआ शुरू
विधायक बिष्ट ने जल जीवन मिशन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में 27 योजनाएं स्वीकृत हुई थीं, लेकिन 13 योजनाओं में अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिन योजनाओं में काम हुआ है, वहां भी लोगों को पानी नहीं मिल रहा, जबकि बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जनता के सवालों का जवाब देना जनप्रतिनिधियों के लिए मुश्किल हो गया है।
