Scooty Rider Killed in High-Speed Car Collision on NH-309 Near Ramnagar
- ड्यूटी जा रहे युवक की सड़क हादसे में जान गई
- चालक कार छोड़कर फरार
नीरज सती@रामनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान दिनेश सिंह (36) पुत्र देव सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मानिला सल्ट, अल्मोड़ा का निवासी था और वर्तमान में गुमानपुर पीरूमदारा टांडा में रहकर एक दवा कंपनी में नौकरी करता था।
जानकारी के अनुसार दिनेश रोजाना की तरह बुधवार को भी अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकला था। जैसे ही वह टांडा क्षेत्र स्थित कंपनी के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग और कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी फॉर्च्यूनर कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
