A woman pilgrim died and 17 others were injured after a tempo traveller carrying Char Dham devotees from Ghaziabad overturned near Paini area on the Badrinath National Highway in Uttarakhand.
देहरादून/बद्रीनाथ@Rashtriy Vichar#accident#। उत्तराखंड के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैनी क्षेत्र के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। सभी यात्री चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में 44 वर्षीय आरती की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायलों पर चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी रख रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी मार्ग पर वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
