Uttarakhand to Launch Unified Digital Platform for Tracking Children’s Education and Health
- जन्म से स्कूल पासआउट तक एक ही प्लेटफॉर्म पर होगी पूरी ट्रैकिंग, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
देहरादून@Rashtriy Vichar#। उत्तराखंड सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत बच्चे के जन्म से लेकर टीकाकरण, आंगनबाड़ी में प्रवेश, स्कूल में दाखिला, पढ़ाई की प्रगति और स्कूल से पासआउट होने तक की पूरी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर दर्ज की जाएगी।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग, एनआईसी और आईटीडीए के अधिकारियों को इस दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आभा (ABHA) और अपार (APAAR) आईडी के माध्यम से स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी जानकारी अलग-अलग स्तर पर दर्ज की जा रही है। अब इन दोनों प्रणालियों को और अधिक उन्नत बनाकर एकीकृत व्यवस्था विकसित की जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि नई प्रणाली के माध्यम से बच्चों की विभिन्न अवस्थाओं की स्वतः निगरानी हो सकेगी। उदाहरण के तौर पर जब कोई बच्चा टीकाकरण, आंगनबाड़ी प्रवेश या विद्यालय में दाखिले की आयु पूरी करेगा तो उसके अभिभावकों को मोबाइल पर स्वतः सूचना भेजी जाएगी। इससे कोई भी बच्चा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं रहेगा।
उन्होंने सभी बच्चों की आभा और अपार आईडी शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से विचार-विमर्श कर एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म का खाका तैयार करने को कहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस पहल से बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की बेहतर निगरानी संभव होगी तथा सरकार को नीति निर्माण में भी सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे।
बैठक में सचिव रविनाथ रमन, विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, अपर सचिव रीना जोशी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
