Pithoragarh Voter List Revision Sparks Concern Among Nepali Brides Amid Citizenship Verification Drive
- विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत नागरिकता सत्यापन अनिवार्य, कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रभावित परिवार
पिथौरागढ़@Rashtriy Vichar#। जिले में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया तेज होने से सीमा पार विवाह कर आई नेपाली बहुओं और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। अभियान के दौरान पूर्व में मतदाता सूची में शामिल रहे कई नेपाली नागरिकों के नाम हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद ऐसे परिवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिनकी बेटियां नेपाल से विवाह के बाद भारत आई हैं। कई परिवारों ने अपने नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से गुहार लगाई।
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने प्रभावित लोगों को इस पूरी प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिथौरागढ़ सीमावर्ती जिला होने के कारण यहां अंतरराष्ट्रीय विवाह के कई मामले सामने आते हैं, लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए भारतीय नागरिकता का प्रमाण अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी नाम पर आपत्ति दर्ज होती है तो संबंधित व्यक्ति को प्रशासन द्वारा निर्धारित 12 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से कोई एक प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
प्रशासन ने साफ किया है कि यह पूरी प्रक्रिया चुनावी सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की जा रही है, जिससे केवल पात्र नागरिकों के ही नाम सूची में रहें।
