Pickup Vehicle Falls Into 200-Meter Deep Gorge Near Gori River in Munsiyari, Rescue Operation Underway
मुनस्यारी@Rashtriy Vichar# Accident#।
सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी के लास्पा से सामान पहुंचाकर वापस लौट रहा एक पिकअप वाहन रसगाड़ी-रुपसियाबगड़ के पास गोरी नदी क्षेत्र में लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कुंदन पांगती के पिकअप वाहन में दो लोग लास्पा से रवाना हुए थे, जबकि रास्ते में एक अन्य व्यक्ति ने लिफ्ट ली थी। इस प्रकार वाहन में तीन लोगों के सवार होने की संभावना जताई जा रही है। बताया गया कि करीब 5 बजे के आसपास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
क्षेत्र में नेटवर्क न होने के कारण सूचना लगभग 5:15 बजे आईटीबीपी को मिली, जिसके बाद 5:30 बजे मुनस्यारी प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही आईटीबीपी के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई थी, जबकि आईटीबीपी द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी था। खाई में उतरे जवानों और ग्रामीणों ने बताया कि तीन लोग मौके पर मिले हैं, जिनमें कोई हलचल नहीं देखी गई है। मौके पर मेडिकल टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
