Protest Erupts in Tawaghat Over Proposed Liquor Shop Near Sacred Kali-Dhauli Confluence
- पवित्र संगम पर शराब दुकान का विरोध तेज, तवाघाट में ग्रामीणों का उग्र आंदोलन
नदीम परवेज@Pithoragarh#। धारचूला के तवाघाट स्थित काली-धौली संगम पर प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। पवित्र संगम स्थल के पास शराब की दुकान खोले जाने के निर्णय के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश वर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने व्रत रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन को पहले ही इस फैसले के खिलाफ चेतावनी दी जा चुकी है, इसके बावजूद 10 अप्रैल को दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जबरन दुकान खोली गई तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उनका कहना है कि यह क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, और यहां शराब की दुकान खोलना आस्था के साथ खिलवाड़ है।
तवाघाट वह महत्वपूर्ण मार्ग है जहां से होकर कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग, आदि कैलाश और पंचाचूली पर्वत की ओर श्रद्धालु और पर्यटक गुजरते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर इस दुकान को खुलने नहीं देंगे और क्षेत्र की धार्मिक गरिमा को बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं, उपजिलाधिकारी धारचूला, आशीष जोशी ने बताया कि मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दे दी गई है और अब आगे के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल धरना जारी है और क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले निर्णय पर टिकी है।
