Dr Prashant Sinha Honored with Jal Yoddha Samman 2025 in Bengaluru
- बेंगलुरु में गूंजा जल संरक्षण का संदेश, डॉ. प्रशान्त सिन्हा राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित
- बेंगलुरु स्थित विशालाक्षी मंडप में आयोजित भव्य समारोह में आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रवि शंकर द्वारा प्रदान किया सम्मान
बेंगलुरु। पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं लेखक डॉ. प्रशान्त सिन्हा को प्रतिष्ठित ‘जल योद्धा सम्मान 2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर द्वारा बेंगलुरु स्थित विशालाक्षी मंडप में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
यह गौरवपूर्ण सम्मान सरकारीटेल डॉट कॉम द्वारा आयोजित कार्यक्रम के तहत दिया गया, जिसकी मेजबानी आर्ट ऑफ लिविंग, बेंगलुरु ने की। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को नीति आयोग, जल शक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा महाराष्ट्र सरकार (साझेदार राज्य) का सहयोग प्राप्त हुआ। वहीं ज्ञान साझेदार के रूप में एसोचैम, आईआईटी रुड़की और व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा इज़राइल और फिनलैंड जैसे देशों ने भी सहभागिता निभाई।
‘जल योद्धा सम्मान’ देश का एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है, जो जल संरक्षण, सतत जल प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों और संगठनों को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान न केवल पारंपरिक और आधुनिक प्रयासों को पहचान देता है, बल्कि जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
“यह सम्मान मेरे कार्यों के लिए प्रेरणा है। जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और मैं इस दिशा में और अधिक सक्रियता से कार्य करता रहूंगा।”
डॉ. प्रशान्त सिन्हा
