Digi Yatra Launched at Dehradun Airport, Enabling Seamless Paperless Travel
- देहरादून एयरपोर्ट पर Digi Yatra की शुरुआत, अब चेहरे से होगी एंट्री
- लाइन से छुटकारा! शुरू हुई पेपरलेस ‘Digi Yatra’ सेवा
- अब नहीं लगेगी लंबी कतार, एयरपोर्ट हुआ हाईटेक
- मोबाइल ऐप से आसान होगी हवाई यात्रा
देहरादून @राष्ट्रीय विचार।
देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों के लिए रविवार से आधुनिक और सुविधाजनक Digi Yatra सेवा की शुरुआत हो गई है। इस पहल के तहत अब यात्रियों को लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी और एयरपोर्ट एंट्री पूरी तरह पेपरलेस और फेस रिकग्निशन आधारित हो जाएगी।
इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू द्वारा राजकोट एयरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभर के 57 एयरपोर्ट इस पहल से जुड़े, जिनमें देहरादून एयरपोर्ट भी शामिल रहा।
मंत्री ने कहा कि Digi Yatra हवाई यात्रा को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। इस सुविधा के तहत यात्रियों को पहले Digi Yatra ऐप डाउनलोड करना होगा, जिसमें आधार, मोबाइल नंबर और यात्रा संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद एयरपोर्ट पर लगे विशेष डिजी गेट पर केवल चेहरे की पहचान (Face Recognition) के जरिए यात्रियों को सीधे प्रवेश मिल जाएगा।
इस नई व्यवस्था के लागू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रियों का अनुभव भी पहले से कहीं अधिक आसान और आरामदायक बनेगा।
इसके साथ ही देहरादून एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई सेवाओं की भी शुरुआत की गई है, जिनमें फ्लाईब्रेरी, फ्री वाई-फाई और किड्स जोन प्रमुख हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और आरामदायक माहौल प्रदान करना है।
अब Digi Yatra के शुरू होने के बाद दून एयरपोर्ट पर यात्रियों को बार-बार दस्तावेज दिखाने या लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चेहरा स्कैन होते ही एंट्री मिल जाएगी, जिससे यात्रा पहले से अधिक तेज और स्मार्ट हो जाएगी।
