Congress Leader Rajiv Maharshi Slams Uttarakhand Government Over Deteriorating Law and Order
- कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून@Rashtriy Vichar । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं मीडिया कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रमुख राजीव महर्षि ने प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और स्थिति “जंगलराज” जैसी होती जा रही है।
महर्षि ने कहा कि एक ओर सरकार चार साल बेमिसाल का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में हत्या, लूट, दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि पहले उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में अपराध के मामले में आगे था, लेकिन अब स्थिति यह है कि राज्य देश के बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ने की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस का इकबाल खत्म होता दिख रहा है, जो सीधे-सीधे सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने हाल में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पुलिस की कमजोर पकड़ को उजागर करती हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए शराब नीति पर अधिक जोर दे रही है और प्रदेश में नई शराब की दुकानों के खुलने से अपराधों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में दून एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बाद अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
महर्षि ने कहा कि अंकिता हत्याकांड के बाद से प्रदेश में आपराधिक घटनाओं में तेजी आई है और पुलिस उन्हें रोकने में असफल रही है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को उन्होंने गंभीर चिंता का विषय बताया।
उन्होंने सरकार से अपील की कि वह आबकारी राजस्व बढ़ाने के बजाय कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर ध्यान दे। साथ ही पुलिस को “फ्री हैंड” देकर पेशेवर तरीके से अपराध नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
