- अतिरिक्त बजट से व्यापार और पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
- टिहरी के बौराड़ी मिलन केंद्र में आयोजित हुआ व्यापारी सम्मेलन
नई टिहरी@ रा . वि । भारत सरकार द्वारा हाल ही में पारित केंद्रीय बजट को उत्तराखंड के व्यापारिक समुदाय ने राज्य के लिए लाभकारी बताया है। बजट में राज्य को करों से अतिरिक्त 1841 करोड़ रुपये मिलने की घोषणा के बाद बाजारों और कस्बों में मूलभूत सुविधाओं के ढांचे को मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है।

यह बात व्यापारी संवाद के प्रदेश सहसंयोजक दिनेश डोभाल ने टिहरी जिला मुख्यालय नई टिहरी के बौराड़ी मिलन केंद्र में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में कही। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंडारी ने की।
कंडारी ने कहा कि एमएसएमई ग्रोथ फंड से उद्यमियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बजट में इको-फ्रेंडली योजनाओं, पर्यटन और माउंटेन ट्रेल्स के लिए प्रावधान किए जाने से राज्य में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रकाश डोभाल ने बजट को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की अवधारणा को मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम के जिला संयोजक अब्दुल अतीक ने कहा कि आयकर रिटर्न में त्रुटि होने पर सजा के प्रावधान को हटाकर केवल पेनाल्टी का प्रावधान करना व्यापारियों के लिए राहतकारी कदम है।
जिला महामंत्री कर्म सिंह तोपवाल ने कहा कि जीएसटी और खाद्य सुरक्षा अधिनियम में भी सजा के स्थान पर पेनाल्टी का प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य स्तर की व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक आयोजित की जाए।
कार्यक्रम के सहसंयोजक संजय बहुगुणा ने राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन को भारत सरकार की अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच सीधा संवाद संभव होगा।
सहसंयोजक मायाराम थपलियाल ने राज्य सरकार द्वारा ‘व्यापार मित्र’ व्यवस्था के पुनर्गठन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों और शासन-प्रशासन के बीच समन्वय बेहतर होगा।
सम्मेलन में पुरानी टिहरी के वरिष्ठ व्यापारी देव प्रकाश सोनी और उद्योग व्यापार मंडल नई टिहरी के संस्थापक अध्यक्ष देवेंद्र वैलवाल का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कुलदीप चौहान, आनंद तोपवाल, दीपक राणा, स्वयंवर चौहान, सोशल मीडिया प्रभारी विमल रावत, नई टिहरी नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, चंबा व्यापार मंडल अध्यक्ष बलबीर पुंडीर, नरेंद्र भट्ट, धनपाल पंवार, तोफीक अहमद, असगर अली, वीरेंद्र गुनसोला, मालचंद रावत, धनपाल सिंह सज्जवाण, रामकृष्ण उनियाल, विक्रम बिष्ट, मोहन सिंह राणा, जगतांबा प्रसाद, सुभाष कुमार सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
