- बंगापानी सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
पिथौरागढ़@रा.वि.।
जिले के बंगापानी क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों दोस्त अपने मित्र का जन्मदिन मनाने के लिए मुनस्यारी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार खाई में गिर गई।
जानकारी के अनुसार Pithoragarh से Munsiyari की ओर जा रही इनोवा क्रिस्टा कार (DL3CCN3785) बंगापानी से आगे उपेरगढ़ा इनवेटा के पास अनियंत्रित होकर लगभग 20 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज Neeraj Chauhan और राजस्व उप निरीक्षक Himanshu Negi पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में 30 वर्षीय Laxman Singh Negi पुत्र राम सिंह निवासी धुरतोली, मुनस्यारी (हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़) और 30 वर्षीय Ankit Pandey पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, बिण, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं 25 वर्षीय Ayush Pant पुत्र नरेश पंत निवासी गुप्ता तिराहा, पिथौरागढ़ ने जिला अस्पताल लाते समय जौलजीबी के पास रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे में Devendra Bhatt निवासी मांगती, धारचूला (हाल निवासी गुप्ता तिराहा, पिथौरागढ़) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि देवेंद्र भट्ट शहर के एक निजी अस्पताल में आईटी विभाग में कार्यरत हैं।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर Ashu Awasthi के अनुसार घायल देवेंद्र भट्ट की हालत गंभीर है और उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आयुष पंत लंदन से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे और 16 फरवरी को ही भारत लौटे थे। वहीं लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना में कार्यरत थे, जबकि अंकित पांडे वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार लक्ष्मण सिंह नेगी का जन्मदिन सोमवार को था। जन्मदिन मनाने के लिए चारों दोस्त मुनस्यारी जा रहे थे और वहां केक का ऑर्डर भी दिया गया था, जिसे रात 12:01 बजे काटना था। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
