Retired Employees Protest Over Golden Card Issues, Stage Demonstration at Treasury
- कोषाधिकारी तन्वी भट्ट के आश्वासन पर धरना स्थगित
वाचस्पति रयाल @नरेन्द्रनगर।
सेवानिवृत्त राजकीय पेंशन संगठन शाखा नरेंद्र नगर के आह्वान पर संघ से जुड़े बुजुर्ग शिक्षक-कर्मचारियों ने गोल्डन कार्ड की खामियों को दूर किए जाने व बगैर सहमति के गोल्डन कार्ड स्वास्थ्य स्कीम से कर्मियों को बाहर किए जाने पर गुस्साए बुजुर्ग कर्मचारियों ने कोषागार परिसर में एक दिन का धरना प्रदर्शन किया।
धरना/ प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने संगठन के अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान एवं सचिव रघुवीर सिंह भंडारी के नेतृत्व में कोषाधिकारी तन्वी भट्ट को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
मांगों से संबंधित दो सूत्री ज्ञापन में सेवानिवृत्तों को गोल्डन कार्ड स्कीम से वंचित ना रखे जाने तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं में गोल्डन कार्ड स्कीम का लाभ दिलाए जाने का उल्लेख था।
संगठन के अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान और सचिव रघुवीर सिंह भंडारी ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण एवं कोषागारों पर आरोप लगाया कि बहुत से सेवा निवृत्त कर्मचारियों को, वगैर उनकी सहमति के गोल्डन कार्ड सुविधाओं से वंचित कर दिया गया है।
कहा कि इन तमाम खामियों के लिए राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण, सरकार व कोषागार विभाग जिम्मेदार हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त हुए मातबर सिंह नेगी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने विभाग द्वारा मांगे गए फार्म पर गोल्डन कार्ड योजना का स्वास्थ्य लाभ हेतु सहमति का फॉर्म भरा था। तब भी उन्हें गोल्डन कार्ड स्वास्थ्य लाभ स्कीम से वंचित कर दिया गया है। जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
बताया कि इसी तरह की समस्याओं से काशीराम उनियाल, कृपाल सिंह कैन्तुरा, होशियार सिंह कैन्तुरा तथा हुकम सिंह नेगी जूझ रहे हैं।
इस दौरान धरना प्रदर्शन कर रहे बुजुर्ग कर्मियों ने सरकार और राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए, मांग की, कि उनकी समस्याओं का फौरी तौर पर समाधान निकाला जाए।

मांगों पर संगठन की कोषाधिकारी तन्वी भट्ट से हुई वार्ता
वार्ता करते हुए अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, सचिव रघुवीर सिंह भंडारी व हर्ष मणी भट ने संगठन की मांगों से कोषाधिकारी को अवगत कराते हुए कहा कि अनेकों पेंशनरों के बगैर सहमति के उन्हें गोल्डन कार्ड कटौती स्कीम से बाहर कर दिया गया है जो कतई न्याय संगत नहीं है। और इस तरह की कार्रवाई से संगठन के सदस्यों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
कोषाधिकारी तन्वी भट्ट ने संगठन को आश्वस्त किया कि उन्होंने संगठन की मांगों को गंभीरता से लिया है, मांगों के निराकरण के लिए अपने स्तर से पूर्ण कार्रवाई करते हुए, मामले उच्च अधिकारियों को तुरंत प्रेषित कर देंगे।
इसके बाद कर्मचारियों ने धरना स्थगित करने का ऐलान किया।
संगठन के अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान और सचिव रघुवीर सिंह भंडारी ने ऐलान किया कि यदि तुरंत समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास न किए गए, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन करने वालों में अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान,सचिव रघुवीर सिंह भंडारी, के अलावा संरक्षक पी के ध्यानी ,काशीराम उनियाल, कोमल दास,श्यामलाल थपलियाल, चंद्र मोहन बिजलवान, हर्ष मनी भट्ट, पूरन सिंह नेगी , मातबर सिंह नेगी,हुकुम सिंह नेगी ,कृपाल सिंह कैंतुरा, होशियार सिंह कैंतुरा, मस्तराम व बालम सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद थे।
