UTET 2026 will be held on September 29 across 29 cities in Uttarakhand, with over 67,000 candidates registered for the first and second papers at 163 exam centres.
- यूटीईटी-2026 की तैयारी पूरी, 67 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
Rashtriya vichar@रामनगर। उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी)-2026 प्रथम एवं द्वितीय के सफल और पारदर्शी आयोजन को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में नोडल अधिकारियों और नोडल परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों के दायित्वों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परिषद के अनुसार यूटीईटी प्रथम और द्वितीय परीक्षा 29 सितंबर 2026 को प्रदेश के 29 शहरों में आयोजित होगी। प्रथम परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक, जबकि द्वितीय परीक्षा दोपहर दो से शाम 4:30 बजे तक होगी। यूटीईटी प्रथम के लिए 24,638 और द्वितीय के लिए 42,607 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा के लिए प्रथम में 107 और द्वितीय में 162 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 163 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं। बैठक में बताया गया कि प्रत्येक जिले में मुख्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा के मुख्य नियंत्रक होंगे। परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रत्येक शहर का नोडल केंद्र 27 से 29 सितंबर तक नियंत्रण कक्ष के रूप में कार्य करेगा। अभ्यर्थी 27 और 28 सितंबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक परीक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नोडल केंद्र से संपर्क कर सकेंगे।
बैठक में दिव्यांग अभ्यर्थियों की बैठक व्यवस्था, श्रुतलेखक और कार्मिकों की व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
