District administration and education department action leads 46 private schools to refund Rs 39.05 lakh in illegally collected fees to parents.
- फीस वसूली पर प्रशासन का एक्शन
- 87 स्कूल जांच के घेरे में
- टीसी शुल्क में भी मनमानी
- एक रूपये फीस के वसूल रहे थे 100-1000 तक
- इस ई-मेल ceonainital11@gmail.com पर भेज सकते हैं शिकायत
नैनीताल@Rashtriya vichar। निजी विद्यालयों की मनमानी फीस वसूली के खिलाफ जिलाधिकारी की पहल पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। अभिभावकों से नियमविरुद्ध वसूले गए अतिरिक्त शुल्क की वापसी शुरू होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। अभियान के तहत अब तक 46 निजी विद्यालय 39 लाख पांच हजार 405 रुपये की राशि अभिभावकों को वापस कर चुके हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी रंजीत सिंह नेगी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अप्रैल माह के दौरान निजी विद्यालयों द्वारा लिए जा रहे अतिरिक्त एवं अवैध शुल्क की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान जिले के 87 निजी विद्यालयों में नियमविरुद्ध शुल्क वसूली की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित विद्यालयों को अतिरिक्त राशि वापस करने अथवा आगामी शुल्क में समायोजित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत आठ विद्यालयों ने बढ़ाया गया शिक्षण शुल्क कम किया, जबकि 39 विद्यालयों ने परीक्षा शुल्क में कटौती की है। इसी तरह 15 विद्यालयों द्वारा वसूले जा रहे पंजीकरण शुल्क को कम अथवा शून्य किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि कई विद्यालय सरकार द्वारा निर्धारित एक रुपये के टीसी शुल्क के स्थान पर अभिभावकों से 100 से 1000 रुपये तक वसूल रहे थे। प्रशासन की सख्ती के बाद टीसी शुल्क घटाकर एक रुपये कर दिया गया है। अतिरिक्त वसूली गई राशि भी अभिभावकों को लौटाई अथवा आगामी शुल्क में समायोजित की जा रही है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों ने अब तक अतिरिक्त शुल्क वापस नहीं किया है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी है। नियमविरुद्ध फीस वसूली जारी रहने पर संबंधित विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति शासन को भेजी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के आर्थिक शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभिभावक निजी विद्यालयों से जुड़ी शिकायतें मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के ई-मेल ceonainital11@gmail.com पर भेज सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
