- चौकी इंचार्ज कमल कुमार ने घायलों को किया एम्स में भर्ती
- दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़े
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर, व्यासी के पास हुए ट्रक व कार की जबरदस्त भिड़ंत में , कार सवार 2 व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 अन्य बुरी तरह घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स भर्ती कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक हादसा सोमवार दोपहर से पूर्व घटित हुआ है।
व्यासी पुलिस चौकी इंचार्ज कमल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक संख्या 08 सीए- 4949 श्रीनगर से ऋषिकेश तथा स्विफ्ट कार संख्या यूके 12 एफ-5035 ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी।
बताया कि ऋषिकेश से 31 किलोमीटर आगे व्यासी में ट्रक और कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार 28 वर्षीय ऋषभ तथा 26 वर्षीय रितिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 23 वर्षीय कुमारी पुष्पा तथा एक अन्य बुरी तरह घायल हो गए।
उक्त घटना की जानकारी देते हुए दोगी पट्टी निवासी व यूकेडी के केंद्रीय सचिव सरदार सिंह पुंडीर ने बताया कि व्यासी चौकी इंचार्ज कमल कुमार घायलों के साथ एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां अब घायलों का उपचार चल रहा है।
इस दुर्घटना पर यूकेडी के केंद्रीय सचिव सरदार सिंह पुंडीर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रांतीय सचिव जगदीश कुलियाल, समाजसेविका विमला देवी रयाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
यूकेडी के केंद्रीय सचिव सरदार सिंह पुंडीर ने व्यासी पुलिस चौकी के इंचार्ज कमल कुमार सहित उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तत्परता दिखाते हुए, घायलों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराने में सराहनीय सहयोग किया है।
सरदार सिंह पुंडीर ने प्रदेश सरकार को सुझाव दिया है कि वाहनों की तेज रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए अथवा किसी भी घटना की जानकारी चाहने के लिए सरकार को पूरे प्रदेश भर के महत्वपूर्ण स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को उचित कदम उठाने चाहिए।
ताकि महत्वपूर्ण स्थानों पर घटित घटनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके।
