- 2027 में अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
- अहमदाबाद में आयोजित प्रतिष्ठित पी एंड आई इंडिया 2026 पेजेंट में जीता खिताब
देहरादून@Rashtriya Vichar। उत्तराखंड की बेटी गुनगुन बियाल ने अपनी मेहनत, साहस और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अहमदाबाद में आयोजित प्रतिष्ठित पी एंड आई इंडिया 2026 पेजेंट में गुनगुन ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ अब वह वर्ष 2027 में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। देहरादून के डांडीपुर मोहल्ला निवासी गुनगुन की सफलता उनकी संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक यात्रा का परिणाम है।
ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का किया सामना: गुनगुन ने अपने सफर की शुरुआत मिस टीन उत्तराखंड का खिताब जीतकर की थी। इसके बाद उन्हें ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझना पड़ा। उन्होंने बीमारी का मजबूती से सामना किया और उसे मात देकर जीवन को नई दिशा दी।
संघर्ष से मिली सीख को उन्होंने सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाया और हीलींग स्पेस की शुरुआत की। इसका उद्देश्य लोगों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
मिस टीन उत्तराखंड से कैंसर सर्वाइवर, हीलींग स्पेस की संस्थापक और अब पी एंड आई इंडिया 2026 की विजेता बनीं गुनगुन की उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा है। अब वह 2027 में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लेकर उतरेंगी।
देशभर के प्रतिभागियों के बीच बनाई पहचान
पी एंड आई इंडिया 2026 के मंच पर गुनगुन ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और जीवन के अनुभवों से मिली मजबूती के दम पर देशभर की प्रतिभागियों के बीच अलग पहचान बनाई। उनकी कहानी साबित करती है कि मुश्किल परिस्थितियां इंसान की पहचान नहीं, बल्कि उसकी ताकत बन सकती हैं।
