Shaheed Belmati Chauhan Government College, Pokhari, celebrated its Foundation Day with cultural performances, student activities and discussions on education, social awareness and personality development.
- उच्च शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना का केंद्र बन रहा महाविद्यालय: डॉ. शशि बाला वर्मा
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर। पट्टी क्वीली के पोखरी स्थित शहीद बेलमती चौहान राजकीय महाविद्यालय में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह में प्राचार्य, प्राध्यापकगण, अतिथियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
जनसहभागिता से सफल होते कठिन कार्य: समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शशि बाला वर्मा ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की विकास यात्रा और क्षेत्रवासियों के सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से कठिन से कठिन कार्य भी सफलतापूर्वक पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल उच्च शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, संस्कार और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की भूमिका अहम: प्रो. डीपी सिंह ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में महाविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्थान ने शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सरोकारों और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों के प्रति भी जागरूक किया है।
वक्ताओं ने रखे विचार: जिला पंचायत सदस्य ने महाविद्यालय को क्षेत्र के शैक्षिक एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। वन विभाग से आए अतिथि बलवीर सिंह पंवार और हितेंद्र नयाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सजी संस्कृति और प्रतिभा की महफिल: इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन और अन्य कार्यक्रमों से समां बांध दिया। हस्तशिल्प/क्राफ्ट प्रतियोगिता में कोमल सेमेल्टी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बंदना सेमवाल ने किया। अंत में सांस्कृतिक समिति संयोजक डॉ. गणेश भागवत ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
