- AI युग में विकसित भारत@2047 पर शोध का नया मंच
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका नरेंद्रनगर के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में ‘जर्नल ऑफ सोशल रिव्यू एंड डेवलपमेंट’ के विशेषांक का विमोचन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। शोध पत्रिका का विशेषांक ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता युग में विकसित भारत@2047 के लिए वैश्विक अनुसंधान, नवाचार, कौशल एवं सतत विकास’ विषय पर केंद्रित है।
विशेषांक के विमोचन अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और सतत विकास के समन्वित प्रयास विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पत्रिका के प्रकाशन को शोध एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपयोगी पहल बताते हुए संपादकीय टीम को बधाई दी।
पत्रिका के मुख्य लेखक-संपादक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि इसका उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में अनुसंधान, नवाचार, कौशल और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक अकादमिक विमर्श को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों और तकनीकी विकास के बीच ज्ञान एवं शोध को समाज और राष्ट्र की प्रगति से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
डॉ. संजय कुमार ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार एवं उपजिलाधिकारी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकाशन को मूर्त रूप देने में उनके सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने संपादकीय सहयोग के लिए प्रो. चतर सिंह नेगी, डॉ. सुष्मिता राजवार (एसोसिएट प्रोफेसर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली), डॉ. अमित अग्रवाल एवं डॉ. राजपाल सिंह रावत सहित सभी शोधार्थियों और प्राध्यापकों का भी आभार व्यक्त किया।
शोध पत्रिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और सतत विकास से जुड़े विविध विषयों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए गए हैं। विशेषांक का उद्देश्य समकालीन वैश्विक चुनौतियों के बीच शोध एवं ज्ञान के माध्यम से विकसित भारत@2047 के संकल्प को मजबूती प्रदान करना है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, तहसीलदार विनोद कुमार तिवाड़ी,साकेत बिजलवान व शिक्षक महेश गुसांई आदि मौजूद रहे।
