Haridwar Introduces Smart Solar Sensor Dustbins for Cleaner Kanwar Mela
- कांवड़ मेले में स्वच्छता की नई मिसाल
- हरिद्वार में पहली बार उतरे स्मार्ट सोलर डस्टबिन
- हाईटेक डस्टबिन में कई गुना कचना संग्रहित करने की है क्षमता
Haridwar@Rashtriy Vichar। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के महापर्व कांवड़ मेले में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। पहली बार कांवड़ पटरी पर स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट डस्टबिन का ट्रायल शुरू किया गया है। यह हाईटेक डस्टबिन बिना किसी स्पर्श के स्वयं अपना ढक्कन खोलता है और कचरा डालते ही उसे अंदर ही अंदर दबाकर (कॉम्पैक्ट) कम जगह में कई गुना अधिक कचरा संग्रहित कर लेता है।
राहगीर के निकट पहुंचते ही स्वत: खुल जाता है ढक्कन: जेडीई वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से तैयार किए गए इस स्मार्ट डस्टबिन में अत्याधुनिक मोशन सेंसर लगाए गए हैं। जैसे ही कोई श्रद्धालु या राहगीर इसके निकट पहुंचता है, इसका ढक्कन स्वतः खुल जाता है और कचरा डालने के बाद अपने आप बंद हो जाता है। इससे लोगों को डस्टबिन को हाथ लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे स्वच्छता के साथ-साथ संक्रमण की आशंका भी कम होती है।
ऑटोमैटिक कॉम्पैक्शन सिस्टम: इस स्मार्ट डस्टबिन की सबसे बड़ी विशेषता इसका ऑटोमैटिक कॉम्पैक्शन सिस्टम है। कचरा अंदर जाते ही मशीन उसे दबाकर छोटा कर देती है, जिससे सामान्य डस्टबिन की तुलना में कई गुना अधिक कचरा एकत्र किया जा सकता है। परिणामस्वरूप डस्टबिन जल्दी नहीं भरते और सफाई कर्मचारियों को बार-बार उन्हें खाली करने की जरूरत भी कम पड़ती है। इससे सफाई व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनती है।
सौर ऊर्जा से संचालित: पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित यह स्मार्ट बिन बिजली पर निर्भर नहीं है, इसलिए इसे खुले स्थानों पर भी आसानी से संचालित किया जा सकता है। इसकी मजबूत और सुरक्षित डिजाइन आवारा पशुओं द्वारा कचरा फैलाने की समस्या पर भी रोक लगाती है। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिहाज से इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
स्वच्छता अभियान की दिशा में प्रभावी कदम: नगर निगम के अनुसार कांवड़ पटरी पर इस तकनीक के शुरुआती परिणाम बेहद उत्साहजनक रहे हैं। श्रद्धालुओं ने भी बिना छुए संचालित होने वाली इस व्यवस्था की सराहना की है और इसे स्वच्छ भारत अभियान की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया है।
यदि कांवड़ मेले के दौरान यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहता है, तो भविष्य में ऐसे स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट डस्टबिन हरिद्वार के प्रमुख बाजारों, गंगा घाटों, पार्कों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लगाए जाएंगे। आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम लगातार नए प्रयोग कर रहा है।
नंदन कुमार, मुख्य नगर आयुक्त
