Uttarakhand Gramin Bank Cashier Arrested for Alleged 54 Lakh Embezzlement
- फर्जी हस्ताक्षर और निकासी वाउचरों के जरिए खाताधारकों के खातों से निकाली गई रकम
- पुलिस फंड फ्लो और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी
नई टिहरी@Rashtriy Vichar: उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा में तैनात तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा को करीब 54 लाख रुपये के गबन के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने शुक्रवार को बताया कि 30 जून को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक ने थाना छाम में ई-एफआईआर के माध्यम से लगभग 54 लाख रुपये के गबन की सूचना दर्ज कराई थी।
बैंक की आंतरिक ऑडिट एवं जांच समिति की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी निकासी वाउचरों के जरिए अवैध रूप से धनराशि निकाली।
शिकायत के आधार पर थाना छाम में मुकदमा संख्या 17/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
एसएसपी ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में गठित विशेष जांच टीम ने बैंक अभिलेखों, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचरों, वित्तीय लेन-देन तथा दस्तावेजी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जांच में यह भी सामने आया कि गबन की गई धनराशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने खाते और अपने रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किया था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने गुरुवार को देहरादून स्थित आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब गबन की पूरी राशि, धन के प्रवाह (फंड फ्लो), अन्य बैंक खातों में हुए ट्रांसफर तथा इस मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
