Uttarakhand Election Commission to Hold Special SIR Camps in Residential Societies and Localities
- सीईओ डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को दिए बीएलए तैनाती और प्रशिक्षण के निर्देश
- कैंप संचालन के लिए नोडल अधिकारी होंगे तैनात
Deharadun@Rashtriy Vichar#। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अब शहरों की आवासीय सोसायटियों और मुहल्लों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी जनपदों के जिलाधिकारी, ईआरओ और एईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देशित किया कि जिन शहरों में बड़ी आवासीय सोसायटियां हैं, वहां नोडल अधिकारी नियुक्त कर विशेष कैंपों के लिए रोस्टर तैयार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) हाउस-टू-हाउस सत्यापन के दौरान निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र पहनकर ही क्षेत्र में जाएं, जिससे मतदाताओं में विश्वास बना रहे। बैठक में एसआईआर अभियान के प्रशिक्षण मॉड्यूल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
इसके अलावा सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक व्यवस्था और वितरण योजना की प्रगति का फीडबैक भी लिया गया। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल रुप से जुड़े रहे।
बीएलए और बीएलओ का प्रशिक्षण अनिवार्य
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को लेकर प्रत्येक जनपन में बीएलए और वीएलओं को अनिवार्य प्रशिक्षण पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती अभी शत-प्रतिशत नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ तत्काल बैठक कर बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करें। साथ ही जहां बीएलए की तैनाती हो चुकी है, वहां उनका प्रशिक्षण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए।
