Nainital Administration Exiles Seven Notorious Criminals for Six Months
- गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत सख्ती: जिलाधिकारी ने जारी किए जिला बदर के आदेश
Nainital#Ramnagar@Rashtriy Vichar# । कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत सात कुख्यात अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया।
जिला बदर किए गए आरोपियों में लालकुआं निवासी सुंदर बिष्ट उर्फ देवा, रामनगर निवासी सूरज आर्य, मुखानी क्षेत्र निवासी आनंद डसीला, बनभूलपुरा निवासी बाबूराम, रामनगर निवासी जुबैर, गांधीनगर बनभूलपुरा निवासी कुणाल सोनकर और रिजवान उर्फ मंत्री शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार इन सभी आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और जुआ अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि इन आरोपियों की गतिविधियां शांति और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं, इसलिए सभी को तत्काल प्रभाव से जिले से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला बदर अवधि में यदि कोई आरोपी जिले की सीमा में प्रवेश करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दोहराया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
