Uttarakhand Politics Heats Up Over BJP MLA ‘Letter Bomb’, Congress Demands SC-monitored Probe
- कांग्रेस ने सरकार पर किया हमला, बोली – भाजपा में विधायक ही सुरक्षित नहीं तो जनता का क्या?
देहरादून@ RashtriyVichar News#। भाजपा विधायक के कथित ‘लेटर बम’ को लेकर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग उठाई है।
शुक्रवार को राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गोदियाल ने कहा कि भाजपा के गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला अब केवल राजनीतिक नहीं बल्कि प्रशासनिक और संवैधानिक गंभीरता का विषय बन चुका है।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस मामले पर राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था, लेकिन अब तक समय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के विधायक ही अपनी सुरक्षा और राजनीतिक प्रताड़ना को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर परिवार के उत्पीड़न के कथित आरोप लगाये हैं, जिसको लेकर कांग्रेस को सरकार पर प्रहार करने का मुद्दा मिल गया है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि एक जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है, तो प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी मजबूत होगी। कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण को निष्पक्ष जांच के दायरे में लाने की मांग दोहराई है। पत्रकार वार्ता में बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई नेता मौजूद रहे।
