Kedarnath Yatra 2026: DM Vishal Mishra & SP Niharika Tomar Review Preparations Ahead of April 22 Opening
दिलबर सिंह बिष्ट@ रुद्रप्रयाग।
आगामी 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने संयुक्त टीम के साथ केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
- यात्रा से पहले सभी सुविधाएं होंगी पूरी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पैदल मार्ग का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया।
- 5 फीट तक बर्फ, तेजी से हटाने का काम जारी
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम क्षेत्र में भारी मात्रा में बर्फ जमी हुई है। कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक बर्फ मौजूद है, जिसे तेजी से हटाया जा रहा है।
- प्रशासनिक दावा
धाम क्षेत्र में 60+ श्रमिक तैनात
ट्रैक रूट पर 70–75 मजदूर कार्यरत
पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम लगभग पूरा
जल्द ही ट्रेक रूट का पुनर्निर्माण भी पूरा होगा
- हाईटेक सुरक्षा: CCTV और ड्रोन से निगरानी
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा
आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की जाएगी
अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया जाएगा
CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए 24×7 निगरानी होगी
- समन्वय से सफल होगी यात्रा
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा का संचालन सफलतापूर्वक और व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
