Uttarakhand releases its draft voter list for 2027, including 72.78 lakh voters, comprising 37.93 lakh men, 34.84 lakh women and 215 third-gender voters.
- प्रदेश की वोटर लिस्ट में 1.25 लाख नए मतदाता जुड़े
- 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन
देहरादून@ राष्ट्रीय विचार। उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसमें प्रदेश के कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है। इनमें 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिलाएं और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता भी दर्ज हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विशेष अभियान के दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है अथवा जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन अथवा ईसीआई नेट ऐप से ऑनलाइन किया जा सकता है।
ड्राफ्ट सूची पर दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज की जा सकेंगी। इनकी सुनवाई 28 दिसंबर तक होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध है। इसे जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बीएलओ कार्यालयों से भी देखा जा सकता है।
गौरतलब है कि 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश के 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इस प्रकार नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या में 1,19,086 की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।
