- सीएम धामी ने टिहरी लेक फेस्टिवल 02 का किया शुभारंभ
- देव डोलियों की पूजा के साथ टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ, कोटी कॉलोनी–नई टिहरी रोपवे की घोषणा
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर/टिहरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन 0.2 टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ करते हुए कहा कि खूबसूरत टिहरी लेक आने वाले समय में देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगी। इसके लिए सरकार झील क्षेत्र के आसपास पर्यटन सुविधाओं का तेजी से विकास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इसमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड निर्माण, तिवाड़गांव को पर्यटन ग्राम और भिलंगना के सुनारगांव को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कोटी कॉलोनी से नई टिहरी तक रोपवे निर्माण की घोषणा भी की।
चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ देव डोलियों की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए स्थानीय महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरासेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
