- पीएम श्री इंटर कॉलेज दुआधार में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम
- छात्रों को मिला जीवन दिशा-दर्शन
वाचस्पति रयाल @नरेंद्रनगर।
विकासखंड नरेंद्रनगर के दुआधार स्थित पीएम श्री इंटर कॉलेज में गाइडेंस एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को जीवन, शिक्षा और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सही दिशा, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास के साथ भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. विक्रम बर्त्वाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि अटूट विश्वास, अनुशासन और सही दिशा में निरंतर किए जाने वाले प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पूर्व उसके उद्देश्य, संभावनाओं और सफलता के बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए तथा उसे लगन, निष्ठा, आत्मविश्वास, कर्तव्यपरायणता और समर्पण भाव से करना चाहिए।
डॉ. बर्त्वाल ने कहा कि इतिहास ऐसे असंख्य उदाहरणों से भरा पड़ा है, जहाँ सामान्य परिस्थितियों से उठकर व्यक्तियों ने असाधारण सफलता प्राप्त की। सफल विभूतियों की जीवनगाथाएँ न केवल व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुँचाती हैं, बल्कि समाज में सम्मान, पहचान और प्रेरणास्रोत बनने का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं। उन्होंने छात्रों को पत्रकारिता एवं जनसंचार को भी एक प्रभावी और सशक्त करियर विकल्प बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कॉलेज के प्राचार्य रमेश चंद्र जोशी ने छात्रों को मेडिकल एवं पैरामेडिकल क्षेत्र की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं और यह क्षेत्र रोजगार के साथ-साथ समाजसेवा का भी सशक्त माध्यम है।
मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रकोष्ठ के मार्गदर्शक डॉ. यूएस रावत ने नजदीकी महाविद्यालय नरेंद्रनगर में उपलब्ध व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए छात्रों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण कर करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने करियर चयन में रुचि, क्षमता और अवसरों के संतुलन पर विशेष बल दिया।
कॉलेज के प्रवक्ता आशुतोष उपाध्याय ने छात्रों को प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिज्ञासा ही ज्ञान का आधार है और यही व्यक्ति को आगे बढ़ने की शक्ति देती है। वहीं हरे राम राय ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के अवसरों के साथ-साथ भ्रम की स्थिति भी बढ़ी है, ऐसे में करियर काउंसलिंग विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है, ताकि वे सही निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक हेमराज फर्स्वाण, पंकज पुष्प रावत, दुर्गेश सती, सुरेंद्र जेठुड़ी, शीला बिष्ट, कांती जेठुड़ी सहित अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को उपयोगी, प्रेरणादायी और भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का समापन छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और सकारात्मक जीवन दृष्टि के संकल्प के साथ किया गया।
