- संगठन–सरकार तालमेल से ‘बड़ी जीत’ की रणनीति, बूथ से लेकर प्रदेश तक सियासी ब्लूप्रिंट तैयार
- धामी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
- मार्च में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
देहरादून@रा.वि। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को देहरादून में आयोजित भाजपा की कोर कमेटी बैठक में संगठन और सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव के समर में कूदने का ऐलान कर दिया। नड्डा ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की जीत की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि जब संगठन और सरकार एक दिशा में कार्य करते हैं, तब विकास कार्यों की उपलब्धियां सीधे जनता तक पहुंचती हैं और राजनीतिक सफलता सुनिश्चित होती है।
बैठक में उन्होंने धामी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए आगामी चुनावों के लिए तीन प्रमुख रणनीतिक बिंदुओं पर फोकस करने का मार्गदर्शन दिया, सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार, बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण पर जोर।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि 17 फरवरी से प्रशिक्षण महाअभियान की शुरुआत होगी, जबकि शीघ्र ही मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। विशेष ध्यान उन बूथों पर रहेगा जहां पिछले चुनावों में पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा।
23 मार्च को राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर विशाल रैली की तैयारी भी की जा रही है, जिसके लिए प्रधानमंत्री या गृहमंत्री से समय मांगा जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेता मौजूद रहे, जिससे साफ संकेत मिला कि भाजपा ने 2027 की चुनावी जमीन अभी से मजबूत करने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है।
