- रामनगर–चंडीगढ़ और लालकुआं–आनंद विहार एक्सप्रेस में लगे आधुनिक एलएचबी कोच, यात्रियों को बड़ी राहत
नीरज सती@ रामनगर,रा.वि.। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण ट्रेनों की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। रेलवे प्रशासन ने रामनगर–चंडीगढ़ एक्सप्रेस और लालकुआं–आनंद विहार एक्सप्रेस में पुराने कन्वेंशनल कोचों की जगह आधुनिक एलएचबी (लिंके हॉफमैन बुश) कोच लगा दिए हैं। यह नई व्यवस्था रामनगर–चंडीगढ़ एक्सप्रेस में 2 मार्च और लालकुआं–आनंद विहार एक्सप्रेस में 3 मार्च से लागू कर दी गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई एलएचबी रेक में कुल 17 कोच शामिल किए गए हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार साधारण द्वितीय श्रेणी के कोचों की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सीटें और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि ट्रेनों में बैठने और सोने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आधुनिक एलएचबी तकनीक के कारण साधारण श्रेणी में 220 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हो गई हैं, जबकि शयनयान और वातानुकूलित श्रेणियों में 44 अतिरिक्त बर्थ बढ़ाई गई हैं। इससे खासकर पर्वतीय क्षेत्रों से दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि एलएचबी कोच अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किए जाते हैं। ये कोच न केवल तेज गति के लिए उपयुक्त हैं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में अधिक सुरक्षित भी माने जाते हैं। साथ ही इनमें यात्रियों के लिए बेहतर आराम और सुविधाएं भी उपलब्ध रहती हैं।
रेलवे के इस कदम से कुमाऊं क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है और आने वाले समय में अन्य ट्रेनों में भी इसी तरह की आधुनिक रेक लगाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
