Darma Valley Cut Off: Heavy Snowfall and Avalanche Block Sobla–Dhakar Road
- दारमा घाटी का संपर्क टूटा: ग्लेशियर और बर्फबारी से सोबला–ढाकर मार्ग बंद
नदीम परवेज@धारचूला,रा.वि.। पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला क्षेत्र से इस समय बड़ी खबर सामने आई है, जहां लगातार हो रही भारी बर्फबारी और ग्लेशियर खिसकने से दारमा घाटी का संपर्क पूरी तरह कट गया है। सोबला–ढाकर मोटरमार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ गई है।
जानकारी के अनुसार बालिंग और नागलिंग के बीच छंगला नाले में ग्लेशियर आने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। वहीं, बालिंग और दुगतू के बीच गंगबेनाती नाले में भी भारी बर्फबारी और हिमखंड खिसकने से मार्ग बाधित हो गया है। इस अहम मार्ग के बंद होने से दारमा घाटी का बाहरी दुनिया से संपर्क टूट गया है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार खराब मौसम और बर्फबारी के कारण राहत एवं सड़क खोलने का कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बर्फबारी का आनंद लेकर लौट रहे कई पर्यटक भी बीच रास्ते में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिमस्खलन (एवलांच) के खतरे के चलते स्थिति और अधिक गंभीर बनी हुई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और बीआरओ की मदद से मार्ग खोलने की तैयारी की जा रही है।
अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि यदि मौसम ने साथ दिया, तो सोबला–ढाकर मोटरमार्ग को कल शाम तक सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
