- जटिल सर्जरी में डॉक्टरों की बड़ी सफलता, दो घंटे के ऑपरेशन से महिला को मिली नई जिंदगी
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर,रा.वि.। श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 48 वर्षीय महिला के पेट से करीब 3.5 किलो की रसौली निकालकर उसे नया जीवन दिया है।
ग्राम पाथौं निवासी रूकमणि देवी लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थीं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके पेट में बड़ी रसौली होने की पुष्टि की।
मुख्य सर्जन वर्षा पंवार ने बताया कि महिला के पहले भी दो ऑपरेशन हो चुके थे, जिससे यह सर्जरी और अधिक जटिल हो गई थी। इसके बावजूद विशेषज्ञ टीम ने करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में सफलता हासिल की।
ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और वह अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में है। परिजनों ने डॉक्टरों की टीम का आभार जताया।
इस सफल सर्जरी में विभूति उनियाल,शिवानी अनुराग सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि अब स्थानीय अस्पतालों में ही जटिल ऑपरेशन संभव हो रहे हैं, जिससे मरीजों को बड़े शहरों जैसे देहरादून या एम्स जाने की जरूरत कम होगी।
