- पुलिस ने जन संवाद में नशे और तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई के दिए संकेत
- जनता की समस्याओं पर हुई मौके पर सुनवाई
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से नरेंद्रनगर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह नेगी एवं थाना प्रभारी (एसएचओ) देवराज शर्मा की पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह नेगी तथा एसएचओ देवराज शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर मौके पर ही उनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है। साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधों की रोकथाम में सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना भी इस पहल का अहम हिस्सा है।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सराहना व्यक्त की। लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे कई गंभीर समस्याओं का समय रहते समाधान संभव हो पाता है।
बैठक के दौरान जयपाल सिंह नेगी, कृष्ण प्रसाद सिल्सवाल, सत्ये सिंह, वाच्छू भाई रयाल, राजेंद्र गुसाईं, विवेक उनियाल तथा कोडारना के प्रधान सहित अन्य नागरिकों ने विभिन्न मुद्दे उठाए। इनमें युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, दुपहिया वाहनों को तेज रफ्तार से चलाने की समस्या, नशेड़ियों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता और नगर में निर्माणाधीन सीवर कार्य से हो रही परेशानियां प्रमुख रहीं। नागरिकों ने इन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह नेगी और थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने स्पष्ट किया कि गलत तरीके से वाहन चलाने वालों और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए अभिभावकों से भी निगरानी बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी और फर्जी कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि अवैध और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आम जनता के सहयोग से क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और अधिकांश समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयास से किया जा सकता है।
इस अवसर पर बैठक में सोहन सिंह रावत, नरेंद्र कंडारी, संगीता, सीमा, ममता नेगी, मंजू देवी, सुमन नेगी, रेखा, सुनीता गुसाईं, मूर्ति सिंह, रामप्रसाद, संजय सिंह, प्यार सिंह, धर्मवीर, सुरेंद्र सिंह, नीरज कुमार, शुभम राणा एवं सीता सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
