Congress leader Amarjeet Singh hits back at BJP Minority Morcha chief Kunwar Basit Ali, questioning the BJP government’s record on minority safety, dignity and political representation in Uttarakhand.
- कसाब-कलाम के नाम पर सियासत करने से पहले भाजपा अल्पसंख्यकों का हिसाब दे
देहरादून@राष्ट्रीय विचार। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के उत्तराखंड दौरे के दौरान कांग्रेस पर दिए गए बयानों ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है। कांग्रेस नेता अमरजीत सिंह ने उनके बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा पर तीखा पलटवार किया है। पार्टी ने सवाल उठाया कि कांग्रेस को अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर घेरने वाले बासित अली पहले अपनी ही सरकार से सुरक्षा, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी का हिसाब मांगें।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यकों की हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन उत्तराखंड मंत्रिमंडल में आज तक किसी अल्पसंख्यक को प्रतिनिधित्व क्यों नहीं दिया गया? पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में बनभूलपुरा, उत्तरकाशी, हरिद्वार और रुड़की में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ी घटनाएं सामने आईं, लेकिन सरकार ने अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई।
कांग्रेस ने तराई के सिख किसानों की आर्थिक बदहाली, किसानों की आत्महत्याओं और सुखवंत सिंह प्रकरण को उठाते हुए भाजपा से जवाब मांगा। साथ ही हरिद्वार के ऐतिहासिक ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारा साहिब, पंजाबी अकादमी और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े लंबित मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
कसाब और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का नाम लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाने पर भी पार्टी ने पलटवार किया। कांग्रेस ने कहा कि अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा दिलाने का काम तत्कालीन यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुआ था। वहीं, डॉ. कलाम पूरे देश के सम्मानित राष्ट्रनायक हैं, उन्हें किसी दल की राजनीति तक सीमित नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस ने दावा किया कि पिरान कलियर, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में केवल बयानों के सहारे राजनीतिक समर्थन हासिल नहीं किया जा सकता। पार्टी ने भाजपा से सवाल किया कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के लिए सरकार ने अब तक ठोस कदम क्या उठाए हैं? कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह संविधान, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सौहार्द के मुद्दों पर भाजपा को घेरती रहेगी।
