Tehri district completes hearings on 1,17,501 SIR-2026 notices as authorities prepare to finalize the voter list by October 3, 2026.
- मतदाता सूची के अंतिम चरण में टिहरी
- शत-प्रतिशत नोटिसों पर सुनवाई पूरी
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर/ नई टिहरी। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले टिहरी जिले में मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत जिले में जारी किए गए 1,17,501 नोटिसों पर शत-प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। अब दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
बुधवार शाम कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एसआईआर के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों के साथ ही प्रारूप-6, 7 और 8 के मामलों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावे और आपत्तियां भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तय समयसीमा के भीतर निस्तारित किए जाएं। बैठक में मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया।
चुनावी तैयारियों ने भी पकड़ी रफ्तार
बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिले को आवंटित ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 5 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। ईसीआईएल के अधिकृत इंजीनियर आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ईवीएम की जांच करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। इससे ईवीएम की जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की भागीदारी बनी रहेगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी सहित भाजपा और कांग्रेस के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
