- रोजगार, शिक्षा और अग्निवीर योजना पर युवाओं ने खोला मोर्चा
- गजा में कांग्रेस का युवा संवाद
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर। गजा के शहीद बेलमती चौहान चौराहे पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और कौशल विकास जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने क्षेत्र और प्रदेश से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर अपनी बात रखी। कांग्रेस के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने युवाओं को देश और उत्तराखंड की दिशा तय करने वाली शक्ति बताते हुए उनसे बदलाव के लिए आगे आने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक ने कहा कि किसी भी देश की युवा शक्ति उसकी रीढ़ होती है। युवाओं में नई सोच, जोखिम लेने का साहस और समाज में फैली रूढ़िवादी कुरीतियों को चुनौती देने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना देश या किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है।
युवाओं और मातृशक्ति के संघर्ष से बना उत्तराखंड
ओम गोपाल रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण भी युवा शक्ति और मातृशक्ति के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश को हर दृष्टि से बचाने और बेहतर दिशा देने की जरूरत है। इसके लिए युवाओं को एक बार फिर गंभीर चिंतन-मनन के साथ सामाजिक और राजनीतिक भूमिका में आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा एवं प्रतिभा को सही दिशा मिले तो वे प्रदेश की अनेक समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों को उन्होंने युवाओं और समाज के बीच मजबूत संवाद का माध्यम बताया।
रोजगार से लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था तक उठे सवाल
संवाद में युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, खेल, कौशल विकास और सामाजिक भागीदारी से जुड़े मुद्दे उठाए। युवाओं का कहना था कि बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसरों के साथ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
यशपाल सजवाण ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने लोगों को ऋण का लाभ नहीं मिलने से पैदा हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक बिजल्वाण ने राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान के नाम पर प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय भवन का मामला शासन स्तर पर लंबित होने का मुद्दा उठाते हुए क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।
वहीं, पूर्व सैनिक विजेंद्र सिंह खाती ने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

दो दर्जन से अधिक लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
कार्यक्रम का एक प्रमुख राजनीतिक पहलू यह भी रहा कि कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर स्थानीय दो दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इससे युवा संवाद कार्यक्रम के साथ पार्टी के स्थानीय संगठनात्मक विस्तार का संदेश भी गया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, शहर अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष सोहनलाल चमोली, जिला पंचायत सदस्य शीशपाल सजवाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य कल्पना पंवार, संदीप पैन्यूली, एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सुनील आर्य, सुरजीत रौतेला, विक्रम भंडारी, दिनेश भंडारी, टंखी सिंह नेगी, किशोर रावत, मालचंद रावत, रवि नेगी समेत बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया। कांग्रेस के लिए यह संवाद एक ओर युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास रहा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है।
