Doctors at Narendranagar Sub-District Hospital successfully removed a 700-gram blood-filled uterine tumor from a 45-year-old woman after a two-and-a-half-hour surgery.
- ढाई घंटे की जटिल सर्जरी सफल
- डॉक्टरों की टीम ने दिलाई महिला को राहत
- चिकित्सकों की दक्षता से सफल हुई जटिल सर्जरी
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर के चिकित्सकों ने बुधवार को करीब ढाई घंटे तक चली जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा कर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। अस्पताल में भर्ती 45 वर्षीय महिला के गर्भाशय से करीब 700 ग्राम वजन का रक्त से भरा ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया। महिला नरेंद्रनगर के थान गांव की रहने वाली बताई जा रही है और लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से परेशान थी।
महिला मंगलवार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए शीघ्र सर्जरी का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान जटिल परिस्थितियों के बावजूद चिकित्सकीय टीम ने बेहतर समन्वय के साथ सर्जरी पूरी की और महिला को राहत मिली।

अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि महिला असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव और निचले पेट में दर्द की शिकायत लेकर आई थी। जांच के बाद गर्भाशय की सर्जरी की गई। उन्होंने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम की सराहना की।
सर्जिकल टीम का नेतृत्व डॉ. वर्षा पंवार ने किया, जबकि जनरल सर्जन डॉ. दीपाशा वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनुराग अग्रवाल और डॉ. शिवानी ने सामान्य बेहोशी, नियंत्रित श्वसन और वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ मरीज की स्थिति संभाली। ओटी टीम में गीता सिस्टर और अमित वार्ड बॉय शामिल रहे।
जटिल सर्जरी से बढ़ा भरोसा
सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि अस्पताल में हर्निया, हाइड्रोसील और गॉलब्लैडर सहित कई अन्य सर्जिकल ऑपरेशन भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ सेवाओं और सर्जिकल सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि स्थानीय मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों की ओर रेफर न होना पड़े। हालिया सफल सर्जरी से अस्पताल के प्रति क्षेत्रवासियों का भरोसा बढ़ा है।
