BJP Attacks Congress Over Factionalism, Claims ₹25 Lakh Bid to Remove State President
- रामलीला मैदान के शुद्धिकरण पर कांग्रेस को घेरा
देहरादून@Rashtriy Vichar। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी में गुटबाजी और आंतरिक कलह को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हवा में राजनीति कर रही है और आगामी चुनावों को लेकर उसकी चुनाव प्रबंधन व्यवस्था दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है।
जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर प्रदेश अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए कथित तौर पर लाखों रुपये की बोली लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपये की बोली लगाए जाने की चर्चा कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को उजागर करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी में संगठनात्मक फैसले भी गुटबाजी की भेंट चढ़ रहे हों, वह जनता के बीच किस भरोसे के साथ जाएगी।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान के शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर भी भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रोपगैंडा करार देते हुए कहा कि भाजपा का इस कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। उनके मुताबिक कार्यक्रम किसी संस्था की ओर से आयोजित किया गया था, लेकिन कांग्रेस इसे राजनीतिक रंग देकर चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
जोशी ने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस पहले भी इस तरह की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि दलित कार्ड खेलकर राजनीतिक माइलेज लेने की कांग्रेस की कोशिश सफल नहीं होगी। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस को संगठनात्मक स्थिति पर ध्यान देने की नसीहत देते हुए कहा कि जनता अब इस तरह की राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है।
