bhattowala-firing-case-protest-demand-for-arrest-of-accused
- अपराधियों में खत्म हो रहा पुलिस का डर
- घटनाओं की सूचना और शिकायतों के बावजूद पुलिस-प्रशासन नही गंभीर
- गंभीर चिंता का विषय बनीं ऋषिकेश में कानून व्यव्स्था
Rishikesh@Rashtriy Vichar#protest# । भट्टोवाला में दिनदहाड़े हुए गोलीकांड को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। घटना के विरोध में कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला और प्रधान संगीता राणा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि अपराधियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से ऋषिकेश की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद पुलिस प्रशासन का रवैया गंभीर नहीं रहा, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। रमोला ने कहा कि अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने मांग की कि गोलीकांड में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घटनाओं को अंजाम देने का साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसका सीधा असर सामाजिक सौहार्द और क्षेत्र की शांति व्यवस्था पर पड़ेगा।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व प्रधान सतीश रावत, जिला पंचायत प्रतिनिधि लालमणि रतूड़ी, जिला पंचायत प्रतिनिधि हिमांशु पंवार, पंचायत सदस्य शीशपाल रावत, आजाद राणा, शंभू सिंह रावत, आचार्य कृष्णानन्द भट्ट, बलवीर सिंह, सुनील खंडूरी, बिशन सिंह, सम्भू सिंह, रूकम सिंह, राजा, अंकित, रवीन्द्र रमोला आदि मौजूद थे।
