Ertiga Vehicle Falls Into Gorge in Munsiyari, Elderly Man Killed and Five Injured
- Munsyari के हरकोट बैण्ड के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन, तीन घायलों की हालत गंभीर
मुनस्यारी@RashtriyVichar#Accident#। तहसील क्षेत्र के पातलथौड़ में हरकोट बैण्ड के निकट रविवार सुबह एक अर्टिगा वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK 05 TA 5586 क्वीटी से मुनस्यारी की ओर आ रहा था। सुबह करीब 9:45 बजे पातलथौड़ स्थित हरकोट बैण्ड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे।
हादसे में ग्राम बला निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा पुत्र विजय सिंह राणा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में प्रताप सिंह राणा, हरीश सिंह, यमुना देवी, ममता देवी और चालक चंचल सिंह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रताप सिंह राणा, हरीश सिंह और ममता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया।
मृतक के शव को मुनस्यारी सीएचसी की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
