At IIT Roorkee, over 2500 students pledged for a drug-free India and Uttarakhand on National Technology Day.
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर शिक्षाविद् ललित मोहन जोशी ने युवाओं को नशामुक्ति का दिया संदेश
रुड़की@ Rashtriy Vichar#। आईआईटी रुड़की में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस(National Technology Day) के अवसर पर यूकॉस्ट एवं लक्ष्य सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 40 विद्यालयों के 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने ‘नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त उत्तराखंड’ बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदीप बत्रा ने भारतीय वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और प्रौद्योगिकीविदों की उपलब्धियों को याद करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नवाचार और तकनीकी विकास के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आईआईटी रुड़की को शोध और इनोवेशन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस देश के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए नवाचारों के लिए आगे आने का आह्वान किया।
युवा नशे और व्यसनों से रहें दूर: ललित जोशी
विशिष्ट अतिथि एवं शिक्षाविद ललित मोहन जोशी ने कहा कि आज का भारत एआई, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे और व्यसनों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।इस अवसर पर विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस अब केवल रक्षा या परमाणु क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है। आज यह भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, स्पेस टेक्नोलॉजी, चंद्रयान-मंगलयान मिशनों तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास का प्रतीक बन चुका है।
कार्यक्रम में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हरिद्वार नरेश कुमार, लक्ष्य सोसाइटी की सचिव मीनाक्षी असवाल, शिक्षाविद किशन असवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
