Almora Accountant Caught Taking ₹15,000 Bribe by Vigilance Team
अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा ब्लॉक में तैनात एक लेखाकार को विजिलेंस टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह जिले में विजिलेंस की हाल के समय में दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
जानकारी के अनुसार, लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह शौचालय निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत तीन लाख रुपये की एफडीआर रिलीज करने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे की मांग कर रहा था।
शिकायत के आधार पर हल्द्वानी स्थित सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसपी सतर्कता के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
टीम ने लमगड़ा ब्लॉक मुख्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी लेखाकार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अल्मोड़ा नगर के नंदा देवी क्षेत्र के बांसमीड़ा मोहल्ले का निवासी बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पिछले महीने जागेश्वर क्षेत्र में एक वन कर्मचारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। इस कार्रवाई के बाद निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
